छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कुनकुरी से कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज के सोशल मीडिया अकाउंट से एक विवादित पोस्ट सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई। पोस्ट में भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर भारत की संभावित हार और चीन के हस्तक्षेप की आशंका जताई गई थी।
पोस्ट में लिखा गया था कि पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक युद्ध की बात करने वालों को यह समझना चाहिए कि इस बार मुकाबला केवल पाकिस्तान से नहीं, बल्कि चीन से भी होगा। इसमें चीन के पीओके और बलूचिस्तान में बढ़ते प्रभाव, ग्वादर पोर्ट पर चीनी सैनिकों की मौजूदगी और आतंकी नेटवर्क के विस्तार का भी उल्लेख किया गया था।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि अगर युद्ध छिड़ता है तो भारत की अर्थव्यवस्था गहरे संकट में घिर जाएगी, मुद्रास्फीति और बेरोजगारी चरम पर पहुंच जाएगी। अंत में तीखे लहजे में यह भी कहा गया कि जो लोग युद्ध का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें अग्निवीर बनाकर बॉर्डर पर भेज देना चाहिए।
पोस्ट वायरल होते ही यूडी मिंज पर चौतरफा हमले शुरू हो गए। सोशल मीडिया पर कांग्रेस और राहुल गांधी तक को ट्रोल किया गया। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास समेत कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
विवाद बढ़ता देख यूडी मिंज ने सफाई पेश करते हुए कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली है। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में मिंज ने कहा, “मैंने खुद ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया। मेरा अकाउंट हैक हो गया था। अभी बाहर हूं, लौटकर इसकी जानकारी लूंगा। फिलहाल माफी मांग ली है।”
कौन हैं यूडी मिंज?
यूडी मिंज जशपुर जिले से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। वे भूपेश बघेल सरकार में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और संसदीय सचिव रह चुके हैं।





