वास्तविक न्यूज़ / कोरबा
कोरबा, 9 जून 2025 । कोरबा जिले की दीपका क्षेत्र स्थित केसीसी कंपनी में बाहरी राज्यों से आए कर्मियों की भर्ती को लेकर स्थानीय युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। एसईसीएल प्रभावित क्षेत्रीय बेरोज़गार युवा संगठन ने इस संबंध में ज़िला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें स्थानीय युवाओं के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ तीव्र विरोध दर्ज कराया गया है।
ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा बीते 3-4 वर्षों से स्थायी रोजगार देने के आश्वासन के बावजूद अब बाहरी राज्यों से आए व्यक्तियों को नौकरी पर रखा जा रहा है। इससे क्षेत्र के बेरोज़गार युवाओं को अवसरों से वंचित होना पड़ रहा है। संगठन के अनुसार, यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इस विषय में कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून 2025 तक बाहरी कर्मियों की नियुक्ति रद्द कर स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया, तो कंपनी के गेट पर तालेबंदी और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह कंपनी प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में इस मुद्दे को लेकर स्थानीय युवाओं में व्याप्त आक्रोश और निराशा को भी स्पष्ट किया गया है। अंत में संगठन ने मांग की है कि स्थानीय बेरोज़गारों को प्राथमिकता देकर रोजगार मुहैया कराया जाए।





