कोरबा। शासकीय माध्यमिक विद्यालय छिन्दपुर में पदस्थ प्रभारी प्रधानपाठक सागर टंडन एवं भृत्य उमाशंकर पाटले के कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि दोनों कर्मचारियों द्वारा मनमर्जी से विद्यालय का संचालन किया जा रहा है, जिसके चलते शिक्षण स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। विद्यार्थियों ने भी इनकी कार्यशैली पर कई बार आपत्ति जताई है। आरोप है कि भृत्य उमाशंकर पाटले अपने प्रभाव का उपयोग कर बच्चों से व्यक्तिगत कार्य करवाते हैं और विद्यालय की साफ-सफाई तक विद्यार्थियों से कराई जाती है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बच्चों को अपशब्द कहकर डराया-धमकाया जाता है तथा अधिकांश समय विद्यालय में कार्यों की उपेक्षा की जाती है। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी विद्यालय में ध्वजारोहण नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों में आक्रोश है।
इस मामले पर जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी समेत जनप्रतिनिधियों को प्रतिलिपि भेजकर दोनों कर्मचारियों पर कार्रवाई करने एवं स्थानांतरण की मांग की गई है।





