*डोंगानाला में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू, थीम है “नशा एवं टी.बी. मुक्त युवा”*
*डोंगानाला/पाली।* छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा विभाग एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के निर्देशन में उच्च शिक्षा विभाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दो इकाइयों शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकसाही और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लाफा द्वारा ग्राम डोंगानाला में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसकी थीम “नशा एवं टी.बी. मुक्त युवा” रखी गई है।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत कोरबा की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है।
उन्होंने नशामुक्त समाज पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि शिक्षा, खेलकूद और समाजसेवा में लगानी चाहिए।
टीबी मुक्त ग्राम के विषय पर उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उपचार का पूरा कोर्स करना अत्यंत आवश्यक है। टीबी पीड़ितों के प्रति भेदभाव नहीं, बल्कि सहयोग और संवेदना का भाव रखना चाहिए, तभी टीबी उन्मूलन संभव है।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति और देश का भविष्य हैं। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही उन्होंने सेवा संकल्प अभियान और “स्वच्छ गांव-स्वस्थ भारत” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल नारा नहीं बल्कि हमारा संकल्प होना चाहिए। स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और पोषण के प्रति जागरूकता से ही स्वस्थ भारत का निर्माण होगा।
अंत में उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन, बालिका शिक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर एक सशक्त समाज के निर्माण में भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेजस लाफा के प्राचार्य जी.पी. बंजारे ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, जनपद सदस्य मधुलता मरकाम, सरपंच डोंगानाला सीताराम नेटी, उपसरपंच कीर्ति कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







