संवाददाता- दीपक डिक्सेना
कोरबा/पाली। विजयदशमी के पावन पर्व पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर जी ने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि विजयदशमी भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति की अंततः विजय होती है। भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हमें मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और जनकल्याण की भावना अपनाने की सीख देता है।
श्रीमती माया रूपेश कंवर जी ने कहा कि दशहरा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर सकारात्मक बदलाव लाने का भी पर्व है। हमें इस अवसर पर समाज से वैमनस्य, भेदभाव और बुराइयों को दूर करने तथा आपसी विश्वास, सहयोग और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे और सामूहिक विकास में अपनी भागीदारी निभाए। पर्व-त्योहार हमारी सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और नई आशा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।






