*पाली (कोरबा)।* ग्राम नुनेरा में विजयादशमी के अवसर पर आज भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अथक प्रयास और सहयोग से यह आयोजन लगातार 13वें वर्ष भव्यता के साथ मनाया जा रहा है, जो पूरे पाली क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की रूपरेखा में इस बार बदलाव किया गया है। परंपरा के अनुसार सबसे पहले बुराई के प्रतीक रावण के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी और जय श्रीराम के नारों के बीच जैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जलेगा, वैसे ही असत्य पर सत्य की जीत का उद्घोष होगा।
रावण दहन के पश्चात सांस्कृतिक संध्या का आगाज होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) की प्रसिद्ध कलाकार मुस्कान साहू अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समा बांधेंगी। मुस्कान साहू के लोकगीतों और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ देर रात तक दर्शक झूमते नजर आएंगे।
*इन जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति*
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत कोरबा की सभापति माया रुपेश कंवर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, ग्राम पंचायत नुनेरा की सरपंच जागृति मुकेश श्रोते एवं उपसरपंच गनेशिया कृष्ण कुमार अहीर शामिल होंगी।
आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।








