अक्ति तिहार पर ठाकुर देव को अर्पित किया धान, बोईदा में समृद्ध फसल की कामना के साथ हुई पारंपरिक पूजा
बोईदा , हरदीबाजार, कोरबा – कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोईदा में अक्षय तृतीया (अक्ति तिहार) का पर्व पारंपरिक उत्साह और गहन श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांववासियों ने ठाकुर देव की पूजा कर समृद्धि, अच्छी बारिश और भरपूर फसल की कामना की।

बुजुर्गों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गांव के बच्चों और युवाओं ने अपने घरों से धान की टोकरी लेकर ठाकुर देव स्थल पर पूजा में भाग लिया। बैगा द्वारा विधिवत पूजा कर धान को घेरे में घुमाया गया, जिसके दौरान बच्चे प्रतीकात्मक रूप से हल चलाते नजर आए।
बैगा उदय सिंह मरावी, बलदेव जगत सहित जनपद सदस्य कौशल श्रीवास, राजकुमार मरावी, गिलाम पटेल एवं अन्य ग्रामीणों ने पूजा अर्चना में भाग लिया। सभी ग्रामीणों ने अपने घर से लाया हुआ धान ठाकुर देव को अर्पित किया, जिसे पूजा उपरांत पुनः घर ले जाकर महिलाओं ने आंगन में जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बाद में उस धान को खेतों में ले जाकर नेंग की रस्म निभाई गई, जिसे अच्छी फसल की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।







