हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव गहरा गया है। रेलवे ने अपने गैर-स्थानीय कर्मचारियों को अकेले बाहर निकलने से मना किया है और कार्यालय आने-जाने के लिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की आईएसआई और उससे जुड़े आतंकी संगठन गैर-स्थानीय नागरिकों, पुलिसकर्मियों (विशेष रूप से सीआईडी), और कश्मीरी पंडितों पर हमले की साजिश रच रहे हैं। मुख्य रूप से श्रीनगर और गांदरबल जिलों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है।
रेलवे बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों पर संभावित आतंकी हमलों की चेतावनी भी दी गई है। इससे पहले, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत और 17 के घायल होने की खबर सामने आई थी। इस घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सिंधु जल समझौते को रद्द किया और पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया था।







