बांधाखार (नुनेरा) । पाली-दीपका मुख्य मार्ग पर ग्राम बांधाखार स्थित एसबीआई किओस्क बैंक के पास आज बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 43 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सिलयारी निवासी कला बाई पति स्वर्गीय अमोल सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कला बाई निजी कार्य से बैंक में पैसा निकालने के लिए आई थीं। बैंक से राशि निकालने के बाद जब वह पास की दुकान से बाहर निकलीं, तभी दीपका की ओर से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 112 डायल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि कला बाई की शादी पूर्व में बनखेता गांव में स्व. अमोल सिंह से हुई थी। पति के निधन के बाद वे सिलयारी में अपने मायके में निवास कर रही थीं।
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया ।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग मुख्य मार्ग पर आए दिन हो रहे इस प्रकार के दुर्घटना से परेशान है, लोगो ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है ।
*उपरोक्त समाचार घटना स्थल पर हमारे रिपोर्टर द्वारा जुटाई गई जानकारी के आधार पर है ।





