*कोरबा/पाली:-* पाली क्षेत्र और नगर अपनी ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्था के लिए देश और प्रदेश में हमेशा से एक अलग पहचान रखता आया है। यहां के मंदिर, मेले और पर्व न केवल स्थानीय लोगों की श्रद्धा का केंद्र रहे हैं, बल्कि दूर-दराज से श्रद्धालुओं को भी अपनी ओर आकर्षित करते रहे हैं। अब इसी ऐतिहासिक नगर के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है,पाली नगर के मंगल भवन के पास लंबे समय से प्रतीक्षित नवनिर्मित राधा कृष्ण धाम का भव्य निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है। संगमरमर और पारंपरिक शिल्प कला से सजा यह धाम देखते ही श्रद्धा और भक्ति का भाव उत्पन्न करता है। इस दिव्य मंदिर में अब प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं जिनकी नींव आज से लगभग तीन वर्ष पहले रखी गई थी, आयोजन की रूपरेखा के अनुसार 18, 19 एवं 20 जुलाई को तीन दिवसीय महोत्सव के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। उक्त नवनिर्मित भव्य धाम में श्री राधा कृष्ण के युगल स्वरूप, भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु और भगवान सिद्धि विनायक गणेश जी की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण, पूजन और विधि-विधान के साथ संपन्न होगी।
*तीन दिन का भव्य आयोजन इस प्रकार रहेगा:* *18 जुलाई, शनिवार – कलश यात्रा*: आयोजन की शुरुआत नगर के प्रमुख मार्गों से पवित्र कलश यात्रा के साथ होगी। सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर वैदिक धुनों और भजनों के साथ चलेंगी। सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा ने बताया कि यह यात्रा नगरवासियों की आस्था और एकता का प्रतीक बनेगी। *19 जुलाई, रविवार – हवन यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा*: इस दिन वैदिक हवन, यज्ञ और विशेष पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात आचार्यों द्वारा निर्धारित मुहूर्त में तीनों देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पूरे परिसर को फूलों, झालरों और विद्युत सजावट से सजाया जाएगा,*20 जुलाई, सोमवार – महा आरती, पूजन एवं भंडारा*: समापन दिवस पर भगवान श्री की महा आरती, विशेष पूजन और महाभोग का आयोजन होगा। इसके बाद विशाल भोग भंडारे में नगरवासियों के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर सांसद प्रतिनिधि *प्रशांत मिश्रा* ने कहा कि यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि पाली की संस्कृति और आध्यात्मिकता का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने नगर वासियों, समाजसेवियों और स्वजनों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सबके सामूहिक प्रयासों से पाली के लिए यह गौरवशाली पल साकार हुआ है।स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह के साथ तैयारियां शुरू हो गई हैं और हर घर में इस पावन अवसर की चर्चा है। माना जा रहा है कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह राधा कृष्ण धाम कोरबा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो जाएगा। पाली के इतिहास में यह दिन निश्चित ही यादगार बनने वाला है, जब भक्ति, संस्कृति और सामुदायिक एकता का संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा।


