कोरबा/पाली:-* पाली स्थित प्रसिद्ध राधा कृष्ण धाम, मंगल भवन में इस वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस हेतु मंदिर समिति द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं।
मंदिर प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को आयोजित इस पावन उत्सव में शाम से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। सबसे पहले शाम को पारंपरिक मटका फोड़ कार्यक्रम होगा।
इसके बाद रात्रि 8.30 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आमंत्रित भजन मंडली द्वारा श्रीकृष्ण के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 11 बजे से विधिवत पूजा-अनुष्ठान प्रारंभ होगा और ठीक रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ महाआरती होगी।
जन्म के उपरांत भव्य आतिशबाजी की जाएगी और अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।






