*कोरबा/पाली:* पाली क्षेत्र के ग्राम पूटा में विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस दौरान थाना प्रभारी नागेश तिवारी, विधिक जानकार प्रतीक्षा शर्मा, सरपंच दिलाराम नेताम, नन्द कुमार शर्मा, एएसआई तरुण जायसवाल, पत्रकार दीपक शर्मा, प्रधान आरक्षक दिनेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थी,
शिविर को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने कहा कि नशा अपराध की जड़ है, नशे की लत से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य बिगड़ता है बल्कि घरेलू हिंसा, चोरी और मारपीट जैसे अपराध भी बढ़ते हैं।,उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की।
विधिक जानकार प्रतीक्षा शर्मा एवं नन्द कुमार शर्मा ने साइबर ठगी पर विस्तार से चर्चा की,उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक डिटेल किसी से साझा न करें। साथ ही घरेलू हिंसा अधिनियम की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने को कहा,जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन 1091 या नजदीकी थाने में संपर्क करने की सलाह दी।
एएसआई तरुण जायसवाल ने यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे में वाहन न चलाने पर जोर दिया। कहा कि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बनती है।
सरपंच दिलाराम नेताम ने ग्रामीणों से अपील की कि कानून की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचे, तभी सही मायने में न्याय मिल पाएगा। उन्होंने शिविर आयोजन के लिए प्रशासन का आभार जताया।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और कानूनी समाधान बताए गए, कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर कानून के प्रति जागरूकता फैलाना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना रहा,




