*पाली (कोरबा) -* सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाली में लिपिक वर्ग तीन के पद पर पदस्थ मानिकलाल डिक्सेना आज अपनी शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। जुलाई 1998 से वे लगातार 27 वर्षों से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाली में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित समस्त स्टाफ द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान सभी ने उनके कार्यकाल, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव की सराहना की।
कार्यक्रम में बीएमओ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि डिक्सेना जी ने अपने लंबे सेवा काल में हमेशा ईमानदारी और लगन से कार्य किया है। उनका कार्य सभी के लिए प्रेरणादायी है।
*सेवानिवृत्ति पर भावुक हुए मानिकलाल डिक्सेना -*
अपनी विदाई पर मानिकलाल डिक्सेना ने कहा, _”मैंने अपने जीवन के 27 साल इस स्वास्थ्य केंद्र को दिए हैं। यह मेरे लिए सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि परिवार था। जुलाई 1998 में जब मैंने यहां ज्वाइन किया था, तब से लेकर आज तक सभी अधिकारियों और साथियों ने मुझे हमेशा सहयोग दिया। मैं सभी का हृदय से आभारी हूं। शासन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी, मैंने उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया। आज विदा हो रहा हूं, लेकिन पाली स्वास्थ्य केंद्र से मेरा नाता हमेशा बना रहेगा।”_
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए नए कर्मचारियों को भी संदेश दिया कि वे भी अपने कार्य को ईमानदारी से करें और आम जनता की सेवा को सर्वोपरि रखें।
अंत में स्टाफ की ओर से उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके स्वस्थ एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की गई।






