संवाददाता – दीपक शर्मा पाली
👉 पाली नगर में सादगी से हुआ गणपति बप्पा का आगमन, बच्चों की आस्था ने जीता सबका दिल,
*कोरबा/पाली:-* पूरे पाली क्षेत्र में गणेश चतुर्थी को लेकर धूम मची हुई है। जगह-जगह गणपति बप्पा के भव्य पंडाल सज रहे हैं। बड़ी-बड़ी समितियों द्वारा स्वागत को भव्य बनाने के लिए आतिशबाजी, डीजे, धूमाल, आकर्षक सजावट और लाइटिंग की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।
इसी बीच पाली नगर से एक ऐसा मनमोहक दृश्य सामने आया, जिसने सादगी और सच्ची श्रद्धा की मिसाल पेश की। यहाँ छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे भक्ति भाव के साथ गणपति बप्पा का अपने पंडाल में आगमन कराया।
न तो कोई बड़ा बैंड-बाजा था, न ही आतिशबाजी। बच्चों ने भगवान गणेश की प्रतिमा को अपने नन्हे हाथों में उठा रखा था और छोटे-छोटे खिलौनों के बाजे बजाते हुए, जयकारे लगाते हुए अपने बप्पा को पंडाल तक लेकर आए। सबसे खास बात यह रही कि उनका पंडाल किसी टेंट हाउस से नहीं, बल्कि बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से सजाया था।
यह दृश्य इस बात का प्रमाण है कि यदि मन में भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और विश्वास हो, तो कम और सीमित संसाधनों में भी भक्ति की पराकाष्ठा की जा सकती है। बच्चों की इस निश्छल आस्था और सादगी भरे स्वागत ने वहाँ मौजूद हर किसी का मन मोह लिया।
एक पत्रकार के तौर पर मैं हमेशा बड़े-बड़े आयोजनों की खबरें संकलित कर लोगों तक पहुंचाता हूँ, लेकिन बच्चों की इस अटूट आस्था को देखकर मैं खुद को रोक नहीं पाया और तुरंत उनके पास जाकर उनका हौसला बढ़ाया।
निश्चित ही यह इस पीढ़ी के वही बच्चे हैं, जो आने वाले समय में अपने धर्म, संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखेंगे।






