*कोरबा/पाली:-* नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों को हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि हरतालिका तीज सुहागिन महिलाओं के अखंड सौभाग्य और अविवाहित कन्याओं के मनोवांछित वर प्राप्ति का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के अटूट प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश देता है। वहीं गणेश चतुर्थी विघ्नहर्ता, बुद्धि, समृद्धि और शुभ-लाभ के देवता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि दोनों ही पर्व हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसरों पर सभी को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ मिलकर त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने कामना की है कि भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की कृपा से सभी के वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और विघ्नहर्ता श्री गणेश जी सभी के जीवन से दुख, दरिद्रता और विघ्नों को दूर कर सुख, शांति और खुशहाली प्रदान करें।
श्री जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत पाली निरंतर नगर के विकास और स्वच्छता के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के इस दौर में नगरवासियों से अपील है कि वे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग प्रदान करें।
अंत में उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, मंगलमय जीवन और उज्जवल भविष्य की कामना की है।






