*कोरबा।* प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने एवं जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना हरदीबाजार के सेक्टर तिवरता अंतर्गत ग्राम रैनपुरखुर्द के आंगनबाड़ी केन्द्र में आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत कोरबा की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास सभापति श्रीमती माया रुपेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के सुशासन में आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण का केन्द्र नहीं, बल्कि माताओं और परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। सशक्त महिला और स्वस्थ बच्चा ही मजबूत परिवार एवं विकसित समाज की नींव है।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, बच्चों को नियमित आंगनबाड़ी भेजने तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए समाज को मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रैनपुरखुर्द की सरपंच श्रीमती ईश्वरी कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पंच श्रीमती अगहन बाई, श्री विजय सिंह, सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती सविता बांधे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमावती कंवर, शैलजा मरकाम, रेनू सिदार, लक्ष्मी मरकाम सहित बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बालिकाओं के समग्र विकास को लेकर जागरूकता संदेश दिया गया। उपस्थित महिलाओं ने स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।








