पाली।* विकासखंड पाली के ग्राम सैला में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर ‘सेवा सेतु’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत कोरबा की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास सभापति श्रीमती माया रुपेश कंवर शामिल हुईं।
अपने उद्बोधन में श्रीमती कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने एवं जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सैला में सेवा सेतु शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया।
*विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल*
शिविर में राजस्व, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास, मत्स्य, विद्युत तथा पंचायत विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके आवेदनों का निराकरण किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। राजस्व विभाग द्वारा किसान किताब, आबादी पट्टा, जाति प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं दी गईं। वहीं जरूरतमंद हितग्राहियों को श्रवण यंत्र सहित अन्य सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया।
*स्व-सहायता समूहों को मिले चेक*
कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चेक वितरित किए गए। माला स्व-सहायता समूह को 3 लाख रुपये, चोढ़ा रानी समूह को 50 हजार रुपये तथा सरस्वती एवं महामाया समूह को 2-2 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री किसान मोर्चा कीर्ति कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण यदु, जिला मंत्री एवं पाली मंडल प्रभारी कमला बरेठ, जनपद पंचायत पाली उपाध्यक्ष दिलहरण कश्यप, मंडल अध्यक्ष विपिन कौशिक, मंडल महामंत्री कामता जायसवाल, जनपद पंचायत पाली के सभी जनपद सदस्य, क्षेत्र के सरपंच, जनप्रतिनिधि, तहसीलदार मंडावी एवं जनपद सीईओ देवांगन सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








