*पाली।* सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘मन की बात’ संदेश एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के दिशानिर्देश पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडेज़ कैंपेन” के अंतर्गत आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चैतमा में हेल्थ वॉक/रन एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कोरबा अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास सभापति श्रीमती माया रुपेश कंवर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अध्यक्षता शाला विकास समिति अध्यक्ष सुकालु प्रजापति ने की।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात डॉ. पवन सिंह एवं श्रीमती माया कंवर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया।
*नशे से दूर रहकर युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें : माया कंवर*
इस अवसर पर श्रीमती कंवर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशा युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। प्रत्येक युवा को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, योग और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालयों से शुरू होने वाला यह अभियान विद्यार्थियों के साथ-साथ परिवार और समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य इंद्रा शिव पटेल, सरपंच राजलाल सिन्दराम, पंचायत प्रतिनिधि शीतल शर्मा, प्राचार्य चंद्रमणि सोम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







