पाली/
जापान में आयोजित एशियाई खेल में भारत को कबड्डी महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जिताने में अहम भूमिका निभाने वाली अंतराष्ट्रीय कबड्डी प्लेयर कोरबा की बेटी संजू देवी यादव की घर वापसी पर शिव मंदिर चौक पर पाली में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन हुआ.
यह कार्यक्रम शाम 6:00 बजे विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया.विधायक श्री मरकाम ने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम लगातार ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रही है. इस टीम में विगत 1 वर्ष से कोरबा जिले के पाली ब्लॉक की ग्राम केराकछार निवासी संजू देवी यादव जुड़ी है और उनका हैरतअंगेज साहसिक प्रदर्शन लगातार जारी है. हालिया एशियन गेम्स में उनके दमदार प्रदर्शन, जुझारू खेल कौशल से भारत ने स्वर्ण पदक जीता है.इन्होंने छोटे से गांव को पूरे देश में पहचान दी है संजू देवी की सफलता और उसका संघर्ष क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा और उनमें साहस भरने का कार्य करेगा. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बुके शाल श्रीफल स्मृति चिन्ह आदि अन्य भेंट कर संजू देवी को सम्मानित करते हुए हार्दिक बधाई और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी. इस मंच से विभिन्न समाज के लोगों ने विभिन्न संघों ने भी संजू देवी को सम्मानित किया. उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात के बाद कल बिलासपुर में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत सम्मान किया. पदक जीतने के बाद कोरबा जिले में उनके प्रथम आगमन पर बाजे गाजे, पारम्परिक छग नृत्य संगीत के साथ जोरदार स्वागत किया गई. पाली नगर पंचायत के शिव मंदिर चौक में आयोजित स्वागत अभिनंदन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप यादव, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी, स्कूल के बच्चे, युवा खेल प्रेमी ,नागरिक गण और क्षेत्रीय जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.







