
कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा के अटल चौक बाजार में सीसी सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए रोलर से समतलीकरण कराया जा रहा है। सरपंच संजय राज स्वयं निर्माण स्थल पर मौजूद रहकर कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं।सरपंच संजय राज ने बताया कि अटल चौक में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी और आसपास के ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।

बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए बाजार क्षेत्र में सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वर्षभर लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की लगातार जांच की जा रही है तथा प्रत्येक चरण की स्वयं निगरानी की जा रही है।

विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा ने कहा कि अटल चौक बाजार में सीसी सड़क बनने से क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या समाप्त होगी, जिससे बाजार तक पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य गांव की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।ग्रामीणों ने भी पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बाजार क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी और आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।निर्माण स्थल पर विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा, पंच शांति लाल पटेल, पंच प्रतिनिधि माखन पटेल, मोतीलाल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


