*कोरबा/नुनेरा /पाली*
जिले के विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत नुनेरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय नुनेरा में जीर्णोद्धार के दौरान निकले लाखों रुपये के सरकारी सामान को प्रधान पाठक द्वारा बिना सूचना बेचे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल भवन से निकले लोहे के पाइप, एलबेस्टर सीट, खिड़की-दरवाजे सहित अन्य कीमती सामग्री को प्रधान पाठक शारदा धृतलहरे ने विभाग और पंचायत को बिना बताए बेच दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नियमानुसार ऐसे अनुपयोगी सामान की पहले सूची तैयार कर पंचायत एवं शाला प्रबंध समिति की संयुक्त बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाना था। यदि सामान अनुपयोगी होता तो ही उसे कबाड़ में बेचने का प्रस्ताव भेजा जाता, अन्यथा उसे स्कूल प्रांगण में शेड निर्माण या अन्य उपयोगी कार्य में लगाया जाना था।
लेकिन आरोप है कि प्रधान पाठक ने प्रक्रिया को दरकिनार कर उक्त सामग्रियों को निजी स्वार्थ के लिए बेच दिया। इस पूरे मामले की भनक न तो शाला प्रबंध समिति को लगी और न ही पंचायत के जनप्रतिनिधियों को।
ग्रामवासियों और समिति के सदस्यों ने इस कृत्य को सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय के सामान को बेचकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है।
फिलहाल इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले के उजागर होने के बाद विभागीय जांच की संभावना जताई जा रही है


